केतु गोचर 2018

Author: --- | Last Updated: Fri 1 Dec 2017 11:56:51 AM

“ड्रैगन टेल” यानि कि केतु एक छाया ग्रह है। केतु ग्रह एक राशि में 18 महीने तक संचरण करता है। केतु अत्यंत बलशाली एवं मोक्ष प्रदायक ग्रह माना गया है। ये एक तिलिस्मी जाल के रूप में जकड़ने वाला ग्रह है जो दिखाता कुछ है और जातक के साथ होता बिलकुल विपरीत है इसलिए इसे धोखेबाज़ ग्रह या अद्भुत, भयंकर विकराल रूप वाला ग्रह कहा जाता है। केतु एक छाया ग्रह है जिसमे चुम्बकीय प्रभाव होता है जो जातक की तड़प, उस वस्तु को पाने की ललक को प्रदर्शित करता है। केतु ग्रह अभी अपनी मित्र राशि मकर में गोचर कर रहे हैं | साल 2018 में केतु पूरे साल मकर राशि में ही भ्रमण करेंगे। आइये जानते हैं साल 2018 में केतु के गोचर का सभी 12 राशियों पर क्या प्रभाव होगा।

मेष

इस वर्ष केतु आपकी राशि से दसवें भाव में गोचर करेगा। आपको कार्य स्थल पर अधिक परिश्रम के साथ कार्य करना होगा जिसका फल केतु आपको अचानक पदोन्नति के रूप में देगा। व्यापारी वर्ग को अपने व्यवसाय में फेरबदल या स्थान परिवर्तन करने की सम्भावना बनेगी। आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है। इस वक्त आपको अपने स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रखना होगा। क्योंकि ह्रदय सम्बंधित रोग की संभावना बन रही है। जीवन साथी से अनबन एवं वैवाहिक जीवन में तनाव का माहौल रह सकता है। विद्यार्थियों के लिए ये समय अत्यधिक परिश्रम के बाद भी सामान्य सफलता वाला रहेगा। विदेश जाने के इच्छुक लोगों को विदेश यात्रा का सुअवसर प्राप्त होगा।

उपाय: गणेश संकट नाशक स्त्रोत का पाठ करें।

वृष

इस वर्ष केतु आपकी राशि से नवम भाव में गोचर करेगा। इस साल केतु अचानक भाग्य में वृद्धि का कारक बनेगा। आपका मनोबल बढ़ा - चढ़ा रहेगा। नौकरी में सम्मान की प्राप्ति होने की सम्भावना बनेगी। व्यापारी वर्ग को चारों ओर से भरपूर सहयोग प्राप्त होगा। जीवन साथी के साथ मित्रवत व्यवहार रहेगा। धार्मिक कार्यों में आपकी रूचि नगण्य रहेगी। विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त होगी। आपको भाग्य का साथ मिलेगा। किसी गलत संगती में न पड़ें अन्यथा मानहानि हो सकती है। पिता के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना ज़रूरी है। आप आर्थिक रूप से सुखी, संपन्न दिखेंगे परन्तु वास्तविकता में ठीक इसके विपरीत हो सकती है। सरकारी कार्य में हानि की सम्भावना रहेगी अतः सचेत रहने की ज़रुरत है।

उपाय: चितकबरे या तीन रंग के कुत्ते को दूध रोटी खिलाएं।

मिथुन

इस वर्ष केतु आपकी राशि से अष्टम भाव में गोचर करेंगे। इस वर्ष आपको आर्थिक रूप से हानि की सम्भावना बन रही है। नौकरी पेशा लोगों को अपनी बचत में से पैसा खर्च करने की स्थिति उत्पन्न होगी। अचानक धार्मिक यात्रा का अवसर प्राप्त होगा। व्यापारी वर्ग को विदेश के जरिये लाभ की सम्भावना बनेगी। जीवन साथी के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में असफलता हाथ लग सकती है अतः अत्यधिक मेहनत की आवश्यकता है। किसी लम्बी यात्रा या बार-बार यात्रा पर जाने से बचें। क्योंकि दुर्घटना की संभावना बन रही है। आप अपनी हिम्मत एवं मजबूत इच्छाशक्ति के सहारे संकट के समय को धैर्य के साथ निकल देंगे।

उपाय: पंछियों को दाना डालें एवं गणेश कवच का प्रतिदिन पाठ करें।

कर्क

इस वर्ष केतु आपकी राशि से सप्तम भाव में गोचर करेंगे। नौकरी पेशा जातकों को कार्य स्थल पर लाभ प्राप्त होगा। समाज में आपको प्रतिष्ठा की प्राप्ति होगी। वहीं सरकारी लाभ की भी प्राप्ति होगी। व्यापारी वर्ग के लिए केतु अकस्मात् बढ़ोत्तरी एवं अधिक वृद्धि की सम्भावना बना रहा है। जीवनसाथी से अनबन हो सकती है आप उन्हें समय देने में असमर्थता दिखाएंगे। इस समय पानी अत्यधिक पीयें अन्यथा किडनी से सम्बंधित बीमारी हो सकती है। विद्यार्थियों को परिश्रम का अच्छा परिणाम प्राप्त होगा। आपको अपनी दिनचर्या का ध्यान रखना होगा केतु चुंबकत्व की प्रकृति वाला ग्रह है जो आपकी इच्छा को तृप्त नहीं होने देगा नतीजा आपको स्वास्थ्य हानि उठानी पड़ सकती है। नियमित योग एवं सुबह की सैर अपनी दिनचर्या में शामिल करें।

उपाय: हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाएं

सिंह

इस वर्ष केतु आपकी राशि से छठे भाव में गोचर करेंगे। आपको इस समय थोड़ा सचेत रहना होगा। शत्रु पक्ष आप पर हावी हो सकता है। नौकरी पेशा लोग राजनीति एवं षड्यंत्र का शिकार हो सकतें है अतः किसी की बातों में आकर उत्तेजित न होना ही समझदारी होगी। व्यापारी वर्ग को परिश्रम और संघर्ष के बाद लाभ की प्राप्ति होगी। अनावश्यक व्यय भार की सम्भावना बन रही है। जीवनसाथी के साथ संबंधों में दरार आ सकती है। बेवजह की दोस्ती से बचें। विद्यार्थी वर्ग को कठोर परिश्रम के बाद प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता की प्राप्ति होगी। आप इस समय नेत्र रोग से पीड़ित रह सकते हैं। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें, स्वास्थ्य बिगड़ने की सम्भावना बन रही है। अदालती कार्यवाही में आपके विपरीत फैसला आ सकता है।

उपाय: मंदिर में ध्वज दान करें तथा मंदिरों पर ध्वज लगाएं।

कन्या

इस वर्ष केतु आपकी राशि से पंचम भाव में गोचर करेंगे। इस वर्ष आप मानसिक रूप से थोड़ा परेशान रहेंगे। आर्थिक रूप से यहाँ समय अच्छा नहीं है। संतान के स्वास्थ्य को लेकर आप चिंतित रहेंगे। नौकरी पेशा को कार्य स्थल पर अत्यधिक भार से मानसिक थकावट महसूस होगी। व्यापारी वर्ग को बातचीत में समझदारी एवं चालाकी से कार्य निकलना होगा। विद्यार्थी वर्ग को कठिन परिश्रम करना होगा। जीवन साथी के साथ प्रेम पूर्वक संबंधों में आप कटुता का अनुभव कर सकते हैं। इस समय में आपको भाग्य का साथ मिलने की उम्मीद कम है।

उपाय: नींबू, केला एवं तिल का मंदिर में दान करें।

तुला

इस वर्ष केतु का गोचर आपकी राशि से चौथे भाव में होगा। आपको सफलता की प्राप्ति होगी। आप शुभ कार्यों में व्यस्त रहेंगे। आपको प्रॉपर्टी से लाभ की सम्भावना बन रही है। नौकरी पेशा जातकों को कार्यस्थल पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। जीवन साथी के साथ घरेलू समस्या का सामना करना पड़ सकता है। अपनी माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। वाहन सावधानी से चलाएं। दुर्घटना की सम्भावना बन रही है। विद्यार्थियों को शिक्षा में लाभ की प्राप्ति होगी। आप नया घर लेने की योजना बनाएंगे। आर्थिक रूप से आप थोड़ा कमजोर रह सकते हैं।

उपाय: नरसिंह स्त्रोत का पाठ करें

वृश्चिक

इस वर्ष केतु का गोचर आपकी राशि से तीसरे भाव में होगा। इस साल आपका भाग्य अचानक चमकेगा। नौकरी पेशा जातकों को विदेश में कार्य करने के अवसर मिलेंगे। व्यापारी वर्ग को व्यापार कार्य के लिए लगातार छोटी-छोटी यात्रा करनी पड़ सकती है। आपका हौसला बढ़ा-चढ़ा रहेगा। विद्यार्थी वर्ग को प्रतियोगी परीक्षा में सफलता मिलेगी। जीवनसाथी के साथ आप अच्छा समय व्यतीत करेंगे। परिवार के साथ लम्बी छुट्टी बिताने का मौका प्राप्त होगा। इस समय आपके भाई-बहन को स्वास्थ्य हानि का सामना करना पड़ सकता है। भाई-बहनों से सम्बन्ध अच्छे नहीं रहेंगे। भूमि तथा जमीन जायदाद से लाभ की संभावना होगी।

उपाय: प्रतिदिन गं गणपते नमः मंत्र का जप करें

धनु

इस वर्ष केतु का गोचर आपकी राशि से दूसरे भाव में होगा। इस साल आपको परिवारिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। नौकरी पेशा जातकों को अचानक धन की प्राप्ति हो सकती है। आप सट्टा या लॉटरी के शौकीन है तो इस समय लाभ मिल सकता है। व्यापारी वर्ग को आर्थिक लाभ मिलेगा परन्तु धन का सावधानी पूर्वक संचय करें अचानक आर्थिक हानि की भी सम्भावना रहेगी। विद्यार्थी वर्ग को पढाई-लिखाई में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जीवन साथी के साथ संबंधों में तकरार हो सकती है। आप सोच समझ कर बोलें अन्यथा आप अपनी बोली से पुराने रिश्तों में कड़वाहट घोल सकते हैं। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। नेत्र रोग एवं मुख से संबंधित रोग हो सकते हैं।

उपाय: पक्षियों को दाना चुगाएं एवं गणेश चौथ का व्रत करें।

मकर

इस वर्ष केतु का गोचर आपकी राशि में ही हो रहा है। इस साल आप शारीरिक तौर पर कमजोरी महसूस कर सकते हैं। मन में चिड़चिड़ापन और उदासी रहेगी। किसी कार्य में मन नहीं लगेगा। नौकरी पेशा कार्यस्थल पर परेशानी का अनुभव करेंगे। व्यापारी वर्ग को कार्य स्थल में मन - सम्मान एवं उन्नति की प्राप्ति होगी। संतान की ओर से शुभ समाचार की प्राप्ति होगी। जीवन साथी के साथ रिश्ते सामान्य रहेंगे। विद्यार्थी वर्ग को शिक्षा के क्षेत्र में सम्मान की प्राप्ति होगी।आप किसी रोग की चपेट में आ सकते हैं अतः संतुलित भोजन लें।

उपाय: नरसिंह भगवान के दर्शन करें।

कुम्भ

इस वर्ष केतु आपकी राशि से व्यय यानि द्वादश भाव में गोचर करेंगे। आपको अचानक विदेश जाने का मौका प्राप्त हो सकता है। आपका खर्च अचानक बढ़ जायेगा जिसके कारण आप परेशानी का अनुभव करेंगे। नौकरी पेशा निराश न हो हिम्मत के बल पर आप अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे। व्यापारी वर्ग को दूरस्थ स्थानों से लाभ की प्राप्ति होगी। विद्यार्थी वर्ग सोची समझी योजना पर चलते हुए परीक्षा में सफल होंगे। जीवन साथी के साथ सम्बन्ध अच्छे नहीं रहेंगे। किसी से लड़ाई झगड़े से बचें अन्यथा कानूनी मामलों में पड़ सकते हैं।

उपाय: नौ मुखी रुद्राक्ष धारण करें तथा अर्गला स्त्रोत का पाठ करें |

मीन

इस वर्ष केतु आपकी राशि से ग्यारहवे भाव में गोचर करेगा। आपको थोड़ा श्रम करने पर लाभ की सम्भावना बनेगी। नौकरी पेशा को आमदनी से अधिक वृद्धि होने की सम्भावना बनेगी। व्यापारी वर्ग को व्यापार में सफलता एवं धन का लाभ होगा। विद्यार्थियों को कम परिश्रम से अत्यधिक सफलता की प्राप्ति होगी | जीवन साथी के साथ सम्बन्ध अच्छे रहेंगे। इस समय आपके बड़े भाई - बहन के स्वास्थ्य में परेशानी आ सकती है। आप अपनी उन्नति के लिए प्रयत्नशील रहेंगे। सुखी एवं संतुष्ट महसूस करेंगे।

उपाय: दो रंग का कंबल किसी गरीब को दान करें।

रत्न, यंत्र समेत समस्त ज्योतिष समाधान के लिए विजिट करें: एस्ट्रोकैंप ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर

More from the section: Horoscope